Skip to main content

हिमाचल में मौसम साफ, MP-CG, बिहार और झारखंड में भी बढ़ा तापमान, अब भी माइनस में माउंट आबू

अरब सागर में चक्रवात बनने के कारण तेजी से नमी बढ़ रही है। इसलिए कुछ दिन हुई बारिश के बाद ज्यादातर मैदानी इलाकों में बादल छा गए हैं। इसके कारण कई राज्यों में ठंड पर ब्रेक लगता दिख रहा है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड सहित कई राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अभी सर्दी का एक दौर और वापस आएगा।

हिमाचल में अगले 7 दिन में साफ होगा मौसम, मिलेगी ठंड से राहत

अगले 7 दिनों तक हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा। इससे लोगों को ठंड से काफी राहत मिलेगी। बारिश बर्फबारी के कारण हिमाचल जहां शीतलहर की चपेट में आ गया है वही मौसम खुलने से लोगों को ठंड से काफी राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे छाए रहने की भी संभावना जताई गई है।

गुरुवार को तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शिमला और भूंतर का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है जबकि सुंदरनगर का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। सोलन और कांगड़ा का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं बिलासपुर और हमीरपुर का अधिकतम तापमान भी 22 डिग्री सेल्सियस रहा है।

माउंट में तापमान माइनस 1 डिग्री, जमी बर्फ

माउंट आबू सहित कई राजस्थान के कई जिलों में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। माउंट में लगातार दूसरे दिन पारा माइनस में रहा और सुबह जगह-जगह बर्फ जमी और दिनभर कोहरा छाया रहा। यहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री बढ़कर माइनस 1 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री बढ़कर 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद यहां पड़ रही हाड़ कंपाने वाली सर्दी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इधर, सिरोही में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री बढ़कर 9 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जिलेभर में गुरुवार सुबह से चल रही सर्द हवाओं से ठिठुरन बरकरार रही। सर्द हवा के कारण सुबह बाहर निकलना मुश्किल हो गया। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में ‘कोल्ड डे’ की संभावना जताई है।

राजस्थान के माउंट आबू में सुबह के समय कार पर जमी बर्फ।

MP के भोपाल में कोहरा छाया, आज और कल बूंदाबांदी के आसार

मध्य प्रदेश के भोपाल में दिन और शाम को घना कोहरा छा रहा है। गुरुवार को भोपाल की विजिबिलिटी 150 मीटर रह गई थी। दिन और रात के तापमान में भी गिरावट हुई। दिन का तापमान 28.1 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार के मुकाबले इसमें 1.5 डिग्री की गिरावट हुई। सुबह 11 बजे के बाद धूप निकली लेकिन यह ज्यादा तीखी नहीं थी। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो शुक्रवार एवं शनिवार को बादल छाने एवं हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इस दौरान दिन और रात का पारा और गिर सकता है।

मध्य प्रदेश के भोपाल में होशंगाबाद रोड पर रात 10.45 बजे का चित्र।

शिमला से ठंडा रहा हरियाणा का हिसार, रात में 3 से 4 गिर सकता है पारा

सामान्य से 715 फीसदी अधिक बरसात होने के कारण हरियाणा के वातावरण में नमी दर्ज की गई है। ऐसे में अब दिन में भी ठंडक बढ़ने लगी है। गुरुवार को हिसार हिमाचल प्रदेश के शिमला से 1.6 डिग्री अधिक ठंडा रहा। शिमला में दिन का पारा 15.6 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि हिसार में दिन का तापमान 14.0 डिग्री पर आ गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। वहीं करनाल में 15.2 डिग्री रहा, रोहतक में दिन में तापमान 16.1 और रात का पारा 13.8 डिग्री आंका गया। अगले तीन से चार दिनों में रात का तापमान तीन से चार डिग्री तक कम हो सकता है। आठ और नौ को शीतलहर चल सकती है।

घाटी में घुटनों तक बर्फ, 2 किमी पैदल चल जवानों ने गर्भवती को एंबुलेंस तक पहुंचाया

कश्मीर घाटी में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बर्फबारी के बीच सेना के जवानों की यह तस्वीर ‘सेवा परमोधर्म’ के जज्बे को दिखाती है। कुपवाड़ा के करालपुरा में सेना के जवानों ने एक गर्भवती महिला को उसके घर से 2 किमी दूर मुख्य सड़क तक खाट पर उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। यहां से महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने बच्चे को जन्म दिया।

गर्भवती महिला को घुटनों तक बर्फ में एंबुलेंस तक ले जाते सेना के जवान।

पटना सबसे गर्म, शुष्क हुआ मौसम, बढ़ेगी ठंड

पटना सहित बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार चार दिनों से आसमान पर बादल छाए हुए थे। इसके साथ ही निम्न हवा का दबाव सक्रिय था। इससे चार दिनों के अंदर अधिकतम तापमान में चार डिग्री तो न्यूनतम में 8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। इसकी वजह से गुरुवार को बिहार के 38 जिलों में पटना सबसे गर्म रहा। अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के सभी हिस्सों में मौसम शुष्क है। इसके साथ उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिससे जम्मू-काश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी हो रही है।

इससे बर्फीली हवाएं दिल्ली, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार में प्रवेश कर रही है। इसकी वजह से पटना सहित बिहार के सभी क्षेत्रों में दिन का तापमान स्थिर और रात के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज होगी। हालांकि, 48 घंटे के दौरान आसमान पर हल्के बादल छाए रहेंगे। पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री और न्यूनतम 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। शुक्रवार को पटना में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
तस्वीर शिमला के रिज मैदान की है, यहां शाम को बादल छाए रहे।


from Dainik Bhaskar /national/news/weather-clear-in-himachal-temperature-rise-in-mp-cg-bihar-and-jharkhand-still-mount-abu-in-minus-128101053.html
via IFTTT

Comments

Popular posts from this blog

Bad News Loading For Sanju Samson? Report Says Star Will Lose IPL Captaincy In Rajasthan Royals

After the Indian Premier League (IPL) 2025, rumours started doing the rounds that Sanju Samson, a long-time RR loyalist, had asked the franchise to release him ahead of the IPL 2026 mini-auction. source https://sports.ndtv.com/cricket/bad-news-loading-for-sanju-samson-report-says-star-will-lose-ipl-captaincy-in-rajasthan-royals-9205649#publisher=newsstand